सुमेरपुर में स्काउट गाइड यूनिट लीडर्स के लिए बिगनर्स कोर्स संपन्न

“व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण संभव है” — रघुवीर सिंह मीणा
सुमेरपुर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड स्थानीय संघ सुमेरपुर के तत्वावधान में स्काउट गाइड यूनिट लीडर का एकदिवसीय बिगनर्स कोर्स आज पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुमेरपुर में स्काउट गाइड सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
यह गैर आवासीय प्रशिक्षण मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी सहायक जिला कमिश्नर भवानी सिंह राणावत के निर्देशानुसार संपन्न हुआ, जिसमें सुमेरपुर ब्लॉक के समस्त राजकीय एवं निजी विद्यालयों से 46 अप्रशिक्षित यूनिट लीडर्स ने भाग लिया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य और कार्यक्रम की जानकारी
सुमेरपुर में स्काउट गाइड कार्यक्रम का संचालन स्थानीय संघ सुमेरपुर के सचिव एवं शिविर संचालक रघुवीर सिंह मीणा ने किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार विद्यालयों में स्काउट गाइड गतिविधियों को प्रभावी एवं सक्रिय रूप से क्रियान्वित करने हेतु यह प्रशिक्षण आवश्यक है।
कोर्स में स्काउट-गाइड आंदोलन का इतिहास, सिद्धांत, उद्देश्य, नियम व प्रतिज्ञा, और कार्य पद्धति से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को प्रवेश से लेकर राष्ट्रपति पुरस्कार तक की संपूर्ण प्रक्रिया तथा स्काउटर और गाइडर की योग्यता अभिवृद्धि की जानकारी भी दी गई।

प्रशिक्षकों के विचार एवं मार्गदर्शन
- वरिष्ठ स्काउट लीडर झूमरलाल गर्ग ने विद्यालय स्तर पर आवश्यक अभिलेख संधारण और लॉग बुक की जानकारी साझा की।
- कोषाध्यक्ष भंवरलाल देवड़ा ने कोटा मनी, उद्योग पर्व, इको क्लब गतिविधियों और यूनिफॉर्म संबंधी दिशा-निर्देश दिए।
- इम्तियाज अली ने ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता से कार्य करने और बालकों के सर्वांगीण विकास में शिक्षक की भूमिका पर प्रकाश डाला।
- ट्रेनिंग काउंसलर दरगा राम मीणा ने प्रत्येक विद्यालय में नियमित गतिविधियां संचालित करने और स्काउट गाइड की योग्यता वृद्धि पर जोर दिया।
- रघुवीर सिंह मीणा ने पीएलटी, प्रथम व द्वितीय सोपान, राज्य पुरस्कार और राष्ट्रपति पुरस्कार की विस्तृत प्रक्रिया समझाते हुए कहा, “व्यक्ति निर्माण से ही सशक्त, सुदृढ़ और अनुशासित राष्ट्र का निर्माण संभव है।”
स्काउटिंग का व्यापक दृष्टिकोण
प्रशिक्षण में स्काउटिंग के चार मूलभूत सिद्धांत— चरित्र निर्माण, कार्यकुशलता, स्वास्थ्य एवं सेवा को विस्तार से समझाया गया।
ग्रुप मीटिंग, कंपनी मीटिंग, पेट्रोल सिस्टम और दैनिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों को स्काउटिंग की व्यवहारिक जानकारी दी गई। उन्हें यह भी बताया गया कि स्काउट गाइडिंग बालकों को पर्यावरण संरक्षण, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा, और आपातकालीन सेवा में तत्परता हेतु प्रेरित करती है।
स्काउटिंग को प्रत्येक विद्यालय में अनिवार्य बनाने का आह्वान
कार्यक्रम में सहायक जिला कमिश्नर मदनलाल परिहार और विजेंद्र सिंह यादव ने उपस्थित लीडर्स को संबोधित करते हुए स्काउटिंग को विद्यालयों में अनिवार्य रूप से क्रियान्वित करने का आग्रह किया।
उन्होंने आगामी माह में आयोजित होने वाले बेसिक एवं एडवांस कोर्स के साथ तृतीय सोपान और राज्य पुरस्कार शिविरों में विद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील भी की।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और अल्पाहार के साथ हुआ। इस अवसर पर दरगा राम, लक्ष्मणलाल मीणा, पीरा राम, इम्तियाज अली, शीला देवी, वीणा वैष्णव, धनराज गर्ग, झूमरलाल गर्ग सहित 10 अनुभवी ट्रेनर्स उपस्थित रहे।












