24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं विशाल दीप यज्ञ संपन्न
लुनिया टाईम्स न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी

गायत्री परिवार के तत्वावधान में लक्ष्मी भवन, बनेड़ा में आयोजित चार दिवसीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के तीसरे दिन मंगलवार को प्रातः भव्य यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर याजकों द्वारा राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं लोकमंगल की कामना के साथ हजारों आहुतियाँ अर्पित की गईं।
महायज्ञ के दौरान 21 पुंसवन संस्कार, 100 गुरुदीक्षा संस्कार एवं 4 यज्ञोपवीत संस्कार निःशुल्क संपन्न कराए गए। तीसरे दिन श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।

शाम को 2100 दीपकों के साथ विशाल एवं भव्य दीप यज्ञ का आयोजन हुआ, जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
महायज्ञ का अंतिम दिन बुधवार को पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा। अंतिम दिन भी गुरुदीक्षा, पुंसवन, जन्मदिन, विवाह दिवस, अन्नप्राशन सहित विभिन्न संस्कार निःशुल्क संपन्न कराए जाएंगे, साथ ही टोली विदाई कार्यक्रम भी आयोजित होगा। आसपास के गांवों से भी श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों को आमंत्रित किया गया है।
















