बनेड़ा उपखण्ड क्षेत्र में दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया गया

माँ लक्ष्मी व भगवान गणेश की हुई विधिवत पूजा, पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
बनेड़ा। उपखण्ड क्षेत्र में इस वर्ष दीपावली का पर्व हर्षोल्लास, उत्साह और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर व ग्रामीण इलाकों में रौनक का माहौल देखने को मिला। लोगों ने अपने घरों, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों को दीपों, रंगोली, लाइटों और फूलों से सजाकर प्रकाश पर्व का स्वागत किया।
शाम को शुभ मुहूर्त में 7.10 से 9:15 बजे तक मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। परिवारों ने एक साथ बैठकर आरती कर अपने घरों में सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। मंदिरों में विशेष पूजन के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।

बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही। मिठाई, दीपक, सजावट सामग्री और पटाखों की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। बच्चों व युवाओं ने रात को आतिशबाजी कर पर्व की खुशियां मनाईं।
सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बनेड़ा पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। उपखण्ड अधिकारी, थाना अधिकारी एवं पुलिस कर्मियों ने बाजार क्षेत्र व प्रमुख मार्गों पर गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए रखी।
रात होते ही दीपों और रोशनी से सजा पूरा नगर जगमगा उठा। हर ओर उल्लास, उमंग और खुशियों का वातावरण रहा। दीपावली पर्व ने अंधकार पर प्रकाश की विजय और प्रेम, भाईचारे का संदेश दिया।













