बाली जैन मित्र मंडल मुंबई के त्रिवार्षिक चुनाव सम्पन्न — किरण कितावत निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित

- मुंबई
चीरा बाजार स्थित क्षेत्रपाल भवन में बाली जैन मित्र मंडल की वार्षिक साधारण सभा, मिच्छामि दुक्कडम कार्यक्रम एवं त्रिवार्षिक चुनाव का सफल आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता मंडल उपाध्यक्ष रणजीत बाफना ने की, क्योंकि मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र परमार के भ्राता का आकस्मिक निधन हो गया था।
कार्यक्रम की शुरुआत सचिव किरण कितावत द्वारा सभा संचालन से हुई, जबकि कोषाध्यक्ष महिपाल राठौड़ ने मंडल की आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया, जिसे सभा ने सर्वसम्मति से पारित किया।
रणजीत बाफना ने नरेन्द्र परमार के नेतृत्व में मंडल द्वारा किए गए समाजोपयोगी कार्यों पर प्रकाश डालते हुए उनके 10 वर्षों के समर्पित कार्यकाल की सराहना की। परमार के निर्णयानुसार नए अध्यक्ष के चयन की घोषणा की गई, जिसके लिए पारसमल रांका और कांतिलाल कितावत को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया।

नियमानुसार और सर्वसम्मति से किरण कितावत को मंडल का नया अध्यक्ष घोषित किया गया। सभा में 25 वर्षों से सेवा दे रहे लेखा परीक्षक ललित मुनोयत की विशेष सराहना की गई।
साथ ही पारस रांका, रणवीर गेमावत, कांति कितावत, सज्जन रांका, हेमराज परमार, सुरेश राठौड़, नवीन राणावत आदि सदस्यों ने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। सभा के भोजन लाभार्थी — पारसमल उम्मेदमलजी रांका एवं मिश्रीमल पुखराजजी रांका रहे। उनके परिवार की ओर से दी गई सेवाओं की सभा में अनुमोदना की गई। बारिश के बावजूद 82 सदस्य उपस्थित रहे, जिसके लिए उपाध्यक्ष ने सभी की सराहना की।














