मुख्य वक्ता छगन लाल भाटी बोले – अभिभावक और विद्यालय के समन्वय से संवरता है बच्चों का भविष्य

फालना। आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक फालना में अभिभावक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता छगन लाल भाटी (शिक्षाविद्)ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बालकों के सर्वांगीण विकास में विद्यालय और अभिभावकों की संयुक्त भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने संस्कारयुक्त शिक्षा, अनुशासन और आधुनिक ज्ञान के समन्वय पर बल देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर सहयोग का आह्वान किया।

सम्मेलन में विद्यालय की शिशुनगरी (नर्सरी/प्रारंभिक कक्षाओं) की शिक्षण पद्धति, गतिविधि आधारित शिक्षा, खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया तथा संस्कार निर्माण पर विशेष जानकारी दी गई। अभिभावकों को बताया गया कि प्रारंभिक अवस्था में दिए गए संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बच्चों के मजबूत व्यक्तित्व की नींव रखते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोहर रावल ने सभी अभिभावकों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक एवं संस्कारात्मक गतिविधियों तथा आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के सहयोग से ही विद्यार्थियों का शैक्षिक स्तर और व्यक्तित्व दोनों सुदृढ़ बनते हैं।

सम्मेलन में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा शिक्षकों के साथ संवाद कर अपने सुझाव साझा किए। कार्यक्रम का सफल संचालन आचार्य गणपत द्वारा किया गया। अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।













