News

राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के विशेष अभियान के तहत महेश पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

  • भीलवाड़ा।

राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के 30 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे तीन माह के विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को महेश सेवा समिति द्वारा संचालित महेश पब्लिक स्कूल में एक महत्वपूर्ण विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भीलवाड़ा के अध्यक्ष अभय जैन ने की।

अपने संबोधन में जैन ने कहा कि स्थाई लोक अदालतें जन-उपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों के सबसे सरल, सुलभ और तेज समाधान का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि जल आपूर्ति, बिजली, परिवहन, स्वास्थ्य, आवास, शिक्षा, शहरी स्वच्छता, सड़क मरम्मत, कचरा प्रबंधन, आवारा पशु नियंत्रण सहित कई सेवाओं से संबंधित शिकायतों का निराकरण स्थाई लोक अदालतें त्वरित निर्णयों के माध्यम से कर रही हैं।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को नज़रअंदाज़ न करते हुए एक साधारण आवेदन पत्र द्वारा स्थाई लोक अदालत में प्रस्तुत करें, जहां न्यायिक प्रक्रिया द्वारा समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक बनने और दूसरों को जागरूक करने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती मां के चित्र पर दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विशाल भार्गव (ADJ एवं मुख्य न्यायाधीश), मजिस्ट्रेट नागेंद्र, महेश सेवा समिति के सचिव एडवोकेट राजेंद्र कचोलिया, जिला अभिभाषक संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट राजेश शर्मा, स्कूल प्रभारी केदार जागेटिया, प्रिंसिपल अरविंदर कौर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

सचिव विशाल भार्गव ने स्थाई लोक अदालत की कार्यप्रणाली और उपयोगिता पर विस्तृत जानकारी देते हुए बच्चों की सुरक्षा को लेकर बाल वाहिनी नियमों की जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि स्कूल वाहनों की समय-समय पर जांच कर सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम में एडवोकेट कचोलिया ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि एडवोकेट राजेश शर्मा ने जन-उपयोगी सेवाओं में जन-सहभागिता को बढ़ावा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट अशोक जैन ने किया।

मूलचन्द पेसवानी शाहपुरा

जिला संवाददाता, शाहपुरा/भीलवाड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button