हॉस्पिटल जाने का रास्ता बदहाल, नेहरू विहार में मरीजों और बुजुर्गों की बढ़ी मुश्किलें

हॉस्पिटल जाने का रास्ता बदहाल
नेहरू विहार क्षेत्र में मरीजों व बुजुर्गों की बढ़ी मुश्किलें
सिद्धिविनायक हॉस्पिटल मार्ग पर झाड़ियां, सांपों का खतरा और बढ़ती आपराधिक आशंका
भीलवाड़ा। शहर के नेहरू विहार क्षेत्र से सिद्धिविनायक हॉस्पिटल की ओर जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी है। सड़क के दोनों ओर यूआईटी के खाली पड़े भूखंडों एवं प्लॉटों में लंबे समय से साफ-सफाई नहीं होने के कारण घनी झाड़ियां और अनावश्यक पेड़-पौधे उग आए हैं।

इन झाड़ियों के कारण न केवल रास्ता संकरा और असुरक्षित हो गया है, बल्कि क्षेत्र में विषैले जीव-जंतुओं का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
नेहरू विहार एवं तिलक नगर कॉलोनी में निवास करने वाले नागरिकों, विशेषकर मरीजों, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सांप व विषैले जीवों का डर
क्षेत्र निवासी कृष्णा सिंह ने बताया कि झाड़ियों के कारण आए दिन सांप और अन्य विषैले जीव दिखाई देते हैं। इससे बच्चों और बुजुर्गों में भय का माहौल बना हुआ है। रात के समय अस्पताल जाने वाले मरीजों को अत्यधिक जोखिम उठाकर इस मार्ग से गुजरना पड़ता है।
असामाजिक तत्वों को मिल रहा पनपने का मौका
स्थानीय लोगों का कहना है कि अत्यधिक झाड़ियों के कारण सड़क व आसपास का क्षेत्र स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे असामाजिक तत्वों को पनपने का अवसर मिल रहा है। रात्रि के समय चोरी की घटनाओं में इजाफा हुआ है और वारदात को अंजाम देने के बाद चोर इन्हीं झाड़ियों में छिप जाते हैं।
शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार राज्य सरकार की हेल्पलाइन नंबर 181 पर शिकायत दर्ज करवाई गई,
लेकिन अब तक संबंधित विभाग या यूआईटी प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे नागरिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन एवं यूआईटी से मांग की है कि शीघ्र ही खाली पड़े भूखंडों की साफ-सफाई करवाई जाए।
झाड़ियों को हटाया जाए तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि आमजन, मरीजों और बुजुर्गों को राहत मिल सके।













