भीलवाड़ा की अंजली धोबी का गुजरात अंडर-17 क्रिकेट टीम में चयन, वेस्ट जोन टूर्नामेंट में करेंगी प्रतिनिधित्व

परमेश्वर कुमार दमामी
भीलवाड़ा। जिले के सरदार नगर क्षेत्र की होनहार क्रिकेट खिलाड़ी अंजली धोबी का चयन गुजरात अंडर-17 क्रिकेट टीम में होने से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
अंजली आगामी West Zone Under‑17 Cricket Tournament में गुजरात टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस टूर्नामेंट में गुजरात के साथ सौराष्ट्र, बड़ौदा, मुंबई और महाराष्ट्र की टीमें भी भाग ले रही हैं।
जानकारी के अनुसार यह प्रतिष्ठित वेस्ट जोन क्रिकेट टूर्नामेंट 10 तारीख से शुरू होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अंजली धोबी अपनी टीम के साथ कल मुंबई के लिए रवाना होंगी। इस प्रतियोगिता में पश्चिम भारत की प्रमुख टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा।
मूल रूप से भीलवाड़ा जिले के सरदार नगर की निवासी अंजली धोबी ने कम उम्र में ही क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर अपनी पहचान बनाई है। उनके चयन से परिवार और क्षेत्र के लोगों में गर्व और उत्साह का माहौल है।
अंजली के पिता शिवराज भी अपने समय के अच्छे क्रिकेट ऑलराउंडर रहे हैं। उन्होंने अपनी बेटी को बचपन से ही क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित किया और निरंतर मार्गदर्शन दिया। परिवार और कोच के सहयोग से अंजली ने मेहनत और लगन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है।
अंजली धोबी के गुजरात अंडर-17 टीम में चयन पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों, मित्रों और परिजनों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी को उम्मीद है कि वह वेस्ट जोन टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर अपने जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।






