कपासन में रोडवेज बस रूट बदलने की मांग, विधायक ने उठाई आवाज़

गुरला/कपासन/चित्तौड़गढ़। कपासन विधानसभा क्षेत्र में रोडवेज बसों की कमी को लेकर विधायक अर्जुन लाल जीनगर ने परिवहन विभाग का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री को पत्र लिखकर बूंदी–सांवरिया सेठ रोडवेज बस के वर्तमान मार्ग में बदलाव की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में बताया कि बूंदी डिपो की यह बस अभी भीलवाड़ा से हमीरगढ़ और गंगरार होते हुए गुजरती है, जहां पहले से अन्य डिपो की कई बसें संचालित हैं। इसके विपरीत कपासन क्षेत्र के ग्रामीणों को पर्याप्त बस सुविधा नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने सुझाव दिया है कि इस बस का रूट बदलकर भीलवाड़ा से गुरला, कारोई, पहुना, राशमी, मातृकुंडिया शनि धाम होते हुए कपासन तक किया जाए। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
विधायक के अनुसार, इस बदलाव से जहां ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं सांवरिया सेठ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सीधी बस सेवा उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही आसपास के गांवों का भीलवाड़ा और बूंदी से संपर्क बेहतर होगा।
अब इस मांग पर अंतिम निर्णय परिवहन विभाग को लेना है, जिस पर क्षेत्रवासियों की नजर बनी हुई है।















