नियमों की दीवार टूटी, मकान की दीवार में गाड़ा गया सरकारी बिजली खंभा — कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

पोयणा : दीवार में गाड़ा गया बिजली खंभा बना जानलेवा खतरा, विद्युत विभाग की लापरवाही आई सुर्खियों में
जनता की समस्या का समाधान वकील बनकर नहीं, जनसेवक बनकर पारदर्शिता से करें — ग्रामीणों की दो टूक
जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JdVVNL) सुमेरपुर की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है।
उपखंड क्षेत्र के ग्राम पोयणा में मकान की दीवार के भीतर गाड़े गए बिजली के खंभे का मामला अब सिर्फ स्थानीय विवाद नहीं रहा, बल्कि यह पूरे क्षेत्र में चर्चा और चिंता का विषय बन चुका है।
लगातार सामने आ रहे नए तथ्यों और विरोधाभासी बयानों ने इस प्रकरण को और अधिक पेचीदा बना दिया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत खंभे को निजी मकान की दीवार में चुनवाना न केवल विद्युत नियमों का खुला उल्लंघन है, बल्कि यह आमजन की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ भी है। इस पूरे घटनाक्रम ने विद्युत विभाग की लापरवाह और ढुलमुल कार्यशैली को उजागर कर दिया है।
“विद्युत खंभा हटाने की हमें फाइलों में नहीं, जमीन पर दिखाई देने वाली कार्रवाई चाहिए”
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिस मकान में बिजली का खंभा दीवार के भीतर दबाया गया है,
उसका निर्माण हाल के 2 से 3 वर्षों में हुआ है, जबकि उक्त खंभा पिछले 25 से 30 वर्षों से
अपने स्थान पर स्थापित था। इसके बावजूद बिना विभागीय अनुमति के खंभे को दीवार में चुनवा
दिया गया, जो अपने आप में गंभीर अनियमितता है।
लगातार मीडिया में खबरें प्रकाशित होने के बाद विद्युत निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और
मकान मालिक तथा ग्रामीणों के बयान दर्ज कर जांच शुरू की। हालांकि सहायक अभियंता द्वारा
मामले को 20 वर्ष से अधिक पुराना बताने के बयान पर ग्रामीणों ने कड़ा एतराज जताया है।
ग्रामीणों का कहना है कि विभाग तथ्य छुपाकर मामले को ठंडे बस्ते में डालना चाहता है।
इनका कहना है
ग्राम प्रशासक – रमणीक त्रिवेदी
बिजली का खंभा किसी भी हालत में घर या दीवार के भीतर नहीं होना चाहिए।
यह स्थिति सभी के लिए अत्यंत खतरनाक है। इस प्रकरण में ग्राम पंचायत की कोई भूमिका नहीं है। विद्युत विभाग स्वयं जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करे, हमें कोई आपत्ति नहीं है।
ग्रामीणों ने दर्ज कराए बयान
भगवत सिंह देवड़ा
ग्राम पोयणा में विद्युत विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से सरकारी विद्युत खंभे
को निजी मकान की दीवार में चुनवाया गया है। इससे शॉर्ट सर्किट, करंट फैलने और
गंभीर दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मुपाराम प्रजापत
विद्युत खंभे को दीवार में बंद करने से आसपास के लोगों को लगातार परेशानी हो रही है।
यह सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग है। विद्युत विभाग को तुरंत हस्तक्षेप कर
खंभे को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करना चाहिए।
जेठालाल
दीवार में दबा खंभा कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
दिनेश कुमार कुमावत
बारिश के दौरान करंट फैलने और बार-बार फॉल्ट की समस्या से गलीवासियों की जान खतरे में रहती है। तत्काल खंभा हटाया जाए।
योगेंद्र सिंह
मकान की दीवार में खंभा चुनवाकर लोहे का एंगल बाहर निकाल रखा है,
जिससे विवाद और खतरे दोनों बढ़ रहे हैं। विभाग सख्त कार्रवाई करे।













