जन जन को जोड़ती हिंदी भाषा पर सभी को गर्व – माली

- सादड़ी 14सितंबर।
हिंदी भाषा राष्ट्र भावों की अभिव्यक्ति है,यह मातृभूमि पर मर-मिटने की भक्ति है।जन जन को जोडती हिंदी भाषा पर सभी को गर्व है।आइए इसे जन जन की भाषा बनाकर राष्ट्र भाषा सिद्ध करें। उक्त उद्गार अतिरिक्त मुख्य ब्लाक शिक्षा अधिकारी विजय सिंह माली ने स्थानीय पीएम श्री श्री धनराज बदामिया राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सादड़ी में शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास द्वारा हिंदी दिवस पर आयोजित संगोष्ठी में व्यक्त किए।
माली ने कहा कि हिंदी भाषा संस्कृति व संस्कारों की भाषा है, राष्ट्रीय एकता की संवाहक है। उन्होंने हिंदी में हस्ताक्षर करने व संवाद करने का आह्वान किया।

सरस्वती पूजन से प्रारंभ हुई इस संगोष्ठी में सर्वप्रथम कार्यवाहक प्रधानाचार्य कन्हैयालाल ने अतिथियों का स्वागत किया तथा हिंदी दिवस की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ अध्यापक कविता कंवर ने शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास द्वारा हिंदी के संरक्षण संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी तथा हिंदी पखवाड़े में करणीय गतिविधियों पर प्रकाश डाला। सुशीला सोनी ने हिंदी भाषा के साहित्यकारों द्वारा लिखी गई कालजयी रचनाओं की जानकारी दी। इससे पहले वीरम राम चौधरी व मनीषा सोलंकी के निर्देशन में निबंध व चार्ट निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को अतिरिक्त मुख्य ब्लाक शिक्षा अधिकारी विजय सिंह माली ने सम्मानित किया। रमेश सिंह राजपुरोहित व रमेश कुमार वछेटा ने निर्णायक की भूमिका निभाई।इस अवसर पर केनाराम, गजेन्द्र सिंह पुरुषोत्तम समेत समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
इससे पहले राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिंदरली में भी अतिरिक्त मुख्य ब्लाक शिक्षा अधिकारी विजय सिंह माली के सानिध्य में शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास द्वारा हिंदी दिवस समारोह का आयोजन किया गया जिसमें कार्यवाहक प्रधानाचार्य पर्बत सिंह राठौड़, राजेश देवड़ा,भारत सिंह, रुपाराम, भानुप्रिया, सोनिया गुर्जर, हरीराम,अशोक कुमार समेत समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
उल्लेखनीय है कि 14सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है।












