
पाली। जिला प्रशासन और महिला अधिकारिता विभाग, पाली के संयुक्त तत्वावधान में राजस्थान मरू उड़ान कार्यक्रम और बेटी बचाओ बेटी पढाओ योजना के 10 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत सोमवार को श्री सुन्धा माता शिक्षण संस्थान उच्च माध्यमिक विद्यालय, पाली में महिला आत्मरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया।
महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक ने बताया कि इस कार्यशाला में साइबर अपराध और साइबर फ्रॉड के कारणों तथा उनसे बचने के उपायों पर चर्चा की गई। कालीका पेट्रोलिंग यूनिट (अभय कमांड सेंटर) की भाजना विश्नोई बेल्ट नं. 1435 ने महिलाओं को आत्मरक्षा के लिए प्रेरित किया और राजकोप सिटीजन एप की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस एप के माध्यम से महिलाएं अपनी लोकेशन पुलिस विभाग के साथ साझा कर सकती हैं, जिससे उनकी यात्रा सुरक्षित और सफल हो सके। इसके अलावा, महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर कॉल करके रात में पुलिस वाहन की सहायता से सुरक्षित स्थान तक पहुंच सकती हैं।
जिला हब एम्पावरमेंट ऑफ वूमन की जेंडर स्पेशलिस्ट राजश्री ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में जानकारी दी। यह नंबर भारत भर में बच्चों के लिए 24 घंटे, 365 दिन मुफ्त आपातकालीन सेवा प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि कोई भी बच्चा जो बीमार, अकेला, गुमशुदा, शोषण का शिकार हो या किसी भी प्रकार की समस्या में हो, इस नंबर पर कॉल कर सकता है।
पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की प्रबंधक प्रियंका व्यास ने विभागीय योजनाओं जैसे शिक्षा सेतु, महिलाओं और बालिकाओं के लिए निःशुल्क RS-CIT, RS-CFA, RS-CSEP जैसे कोर्स की जानकारी दी। साथ ही, कालीबाई भील उड़ान योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया।
विधिक सेवा प्राधिकरण के मांगीलाल तंवर ने बताया कि कोई भी महिला निःशुल्क विधिक सहायता के लिए 15100 नंबर पर कॉल कर सकती है।
इस कार्यशाला में संस्था प्रधान भीमसिंह दहिया, विद्यालय स्टाफ पुरण कुमार, योगेश आचार्य, रमेश, राजीव, राजाराम, बबीता, सुनील हर्षालिया और 120 विद्यार्थी उपस्थित रहे।