भीलवाड़ा को मिले नए एसपी सागर राणा, बोले — “आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय” होगी प्राथमिकता

भीलवाड़ा को नए पुलिस कप्तान के रूप में 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी सागर राणा मिल गए हैं। शनिवार को जिला पुलिस मुख्यालय में आयोजित आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने उन्हें विधिवत कार्यभार सौंपा। राजस्थान सरकार द्वारा हाल ही में किए गए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत धर्मेंद्र सिंह यादव का तबादला चित्तौड़गढ़ जिले में किया गया है।
नवनियुक्त एसपी सागर राणा के भीलवाड़ा आगमन पर पुलिस लाइन में भव्य स्वागत किया गया। सज-धज कर तैयार जवानों की टुकड़ी ने उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर सलामी दी। इसके बाद एसपी कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों, डीएसपी और विभिन्न थानाधिकारियों ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में एसपी सागर राणा ने स्पष्ट कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता “आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय” का वातावरण स्थापित करना रहेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस के मूल ध्येय वाक्य को भीलवाड़ा जिले में पूरी मजबूती के साथ लागू किया जाएगा। साथ ही पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
आईपीएस सागर राणा मूल रूप से हरियाणा के निवासी हैं और उन्होंने बी.टेक (सिविल इंजीनियरिंग) की पढ़ाई की है। इससे पहले वे दौसा, सांचौर और फलोदी जिलों में एसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा जयपुर कमिश्नरेट में डीसीपी ट्रैफिक के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। उनकी पत्नी रंजिता शर्मा भी राजस्थान कैडर की आईपीएस अधिकारी हैं।

एसपी राणा ने कहा कि भीलवाड़ा पुलिस पहले से अच्छा कार्य कर रही है और उसी कार्यशैली को और अधिक प्रभावी बनाते हुए कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, यातायात नियमों की सख्त पालना, मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान तथा जिले में संचालित अवैध गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इसके साथ ही अवैध बजरी खनन और परिवहन करने वाले माफियाओं के खिलाफ भी प्रभावी अभियान चलाने के संकेत दिए।
एसपी राणा ने मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में मीडिया की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने आमजन से पुलिस प्रशासन का सहयोग बनाए रखने की अपील की।
गौरतलब है कि हाल ही में भीलवाड़ा एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) को उत्कृष्ट कार्रवाई के लिए ‘नंबर-1’ का खिताब मिला है। ऐसे में नए एसपी सागर राणा के नेतृत्व में जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर और अधिक प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।














