
भीलवाड़ा में जेठ माह की भीषण गर्मी से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर परिसर के बाहर शनिवार को विशाल नि:शुल्क छाछ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंदिर के महामंडलेश्वर बाबूगिरीजी महाराज की प्रेरणा एवं सानिध्य में आयोजित इस सेवा कार्य में हजारों लोगों को शीतल छाछ पिलाई गई।
सुबह करीब 11 बजे शुरू हुए कार्यक्रम का शुभारंभ राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री युनूस खान, श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी, श्री राम कथा सेवा समिति के अध्यक्ष गजानंद बजाज तथा समाजसेवी प्रकाश छाबड़ा ने पूजा-अर्चना कर किया। कार्यक्रम से पूर्व हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया।

जय श्रीराम और संकटमोचन हनुमानजी के जयकारों के बीच बाबूगिरीजी महाराज ने अतिथियों एवं भक्तों के साथ राहगीरों को छाछ वितरित की। कार्यक्रम के लिए सरस डेयरी से पांच हजार लीटर छाछ का टैंकर मंगवाया गया, जिसके माध्यम से दस हजार से अधिक लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई गई।
मंदिर परिसर के बाहर श्रद्धालुओं और राहगीरों की सुविधा के लिए छाया की विशेष व्यवस्था भी की गई थी। आयोजन में महावीर अग्रवाल, रमेश बंसल, पीयूष डाड, ओम पाराशर सहित अनेक समाजसेवियों और भक्तों ने सहयोग दिया।
गौरतलब है कि श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर सेवा कार्यों के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है। मंदिर की ओर से हनुमान जयंती, जन्माष्टमी और अन्नकूट जैसे अवसरों पर नियमित रूप से धार्मिक एवं मानव सेवा से जुड़े बड़े आयोजन किए जाते हैं।













