पन्नाधाय व राजमाता कर्मावती के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा का संकल्प लें — विजयसिंह माली

रानी। इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज महान त्याग और बलिदान की प्रतीक पन्नाधाय और राजमाता कर्मावती के जीवन से प्रेरणा लेकर हमें राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित जीवन जीना चाहिए। यह विचार सेवा भारती के सह प्रांत मंत्री विजयसिंह माली ने स्थानीय एकलव्य बाल संस्कार केन्द्र तथा डॉ. अंबेडकर बाल संस्कार केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए।

सेवा भारती के जिला प्रसार प्रमुख दिनेश लुणिया ने बताया की कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माली ने कहा कि भारतीय इतिहास में अनेक ऐसे आदर्श चरित्र हुए हैं जिनके त्याग और बलिदान ने समाज को नई दिशा दी है। उन्होंने विशेष रूप से पन्नाधाय के अतुलनीय त्याग का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने मेवाड़ की रक्षा और भविष्य के लिए अपने पुत्र का बलिदान देकर मातृत्व की सर्वोच्च मिसाल पेश की। इसी प्रकार राजमाता कर्मावती ने भी अपने साहस, दूरदर्शिता और राष्ट्रभक्ति से समाज को प्रेरणा देने का कार्य किया।
माली ने बाल संस्कार केन्द्र में उपस्थित भैया-बहनों को इन महान विभूतियों के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग सुनाए और उन्हें अपने जीवन में देशभक्ति, त्याग, अनुशासन तथा सेवा के संस्कार अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि बाल संस्कार केन्द्रों का उद्देश्य बच्चों में नैतिक मूल्यों, संस्कारों और राष्ट्रभक्ति की भावना का विकास करना है, जिससे वे भविष्य में समाज और देश के लिए उपयोगी नागरिक बन सकें।
इससे पूर्व प्रकल्प शिक्षक प्रदीप प्रकाश के निर्देशन में बाल संस्कार केन्द्र के बच्चों ने आकर्षक वंदना कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए कहानी एवं कविता प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के पश्चात विजयसिंह माली ने बाल संस्कार केन्द्रों में संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया और उनकी सराहना की। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव भी लिए तथा उन्हें नियमित रूप से केन्द्र में आकर शिक्षा, संस्कार और व्यक्तित्व विकास की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सेवा प्रमुख गोविंद वैष्णव, खंड सेवा प्रमुख चंपालाल कुमावत, सह नगर कार्यवाह जयसिंह, सेवा भारती जिला मंत्री शंकरलाल मालवीय, नगर संयोजक शेष कुमार, खुशपाल तथा दीपाराम सहित कई कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि सेवा भारती “नर सेवा ही नारायण सेवा” के ध्येय वाक्य को आत्मसात करते हुए समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सामाजिक जागरण के क्षेत्र में अनेक सेवा प्रकल्प संचालित कर रही है। बाल संस्कार केन्द्र भी इन्हीं सेवा गतिविधियों का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिनके माध्यम से बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।













