भीषण गर्मी में तप की पराकाष्ठा: 114 उपवास पूर्ण, साधना जारी

भीषण गर्मी और प्रचंड तापमान के बीच जहां सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हो जाता है और बिना पंखे, कूलर या एसी के रहना कठिन प्रतीत होता है, वहीं परम पूज्य विराग मुनि जी ने तप, त्याग और संयम की ऐसी अद्भुत मिसाल प्रस्तुत की है, जो आध्यात्मिक साधना के उच्चतम आयामों को स्पर्श करती है।
पूज्य मुनि श्री ने 114 उपवास पूर्ण कर लिए हैं और उनका यह कठोर तप अभी भी निरंतर जारी है। यह साधना केवल आहार का त्याग भर नहीं, बल्कि आत्मा की शुद्धि, इंद्रियों पर नियंत्रण और मोक्ष मार्ग की ओर अग्रसर होने का सशक्त माध्यम है। जैन दर्शन के अनुसार इस प्रकार का तप आत्मा को कर्मों के बंधन से मुक्त कर सिद्धशिला की ओर उर्ध्वगामी करता है, जो प्रत्येक साधक का परम लक्ष्य माना गया है।

विशेष बात यह है कि इतनी कठोर साधना के साथ-साथ विराग मुनि जी निरंतर विहार भी कर रहे हैं। वे अपने गुरु भगवंतों के लिए स्वयं गोचरी लेकर आते हैं, जो उनके अनुशासन, सेवा भाव और समर्पण का जीवंत उदाहरण है। यह दर्शाता है कि उनका तप केवल व्यक्तिगत साधना तक सीमित नहीं, बल्कि गुरु सेवा और संघ के प्रति पूर्ण निष्ठा से भी जुड़ा हुआ है।
आज के भौतिकवादी युग में जहां सुविधाएं जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी हैं, ऐसे समय में इस प्रकार का कठोर संयम और त्याग समाज को यह सोचने पर मजबूर करता है कि वास्तविक सुख बाहरी साधनों में नहीं, बल्कि आत्मिक शांति और साधना में निहित है। पूज्य मुनि श्री का यह तप सांसारिक मापदंडों को निरर्थक सिद्ध करते हुए यह संदेश देता है कि आत्मबल और संकल्प के सामने हर कठिनाई छोटी पड़ जाती है।
उनकी यह तपस्या न केवल जैन समाज बल्कि समस्त समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह हमें संयम, अनुशासन और आत्मनियंत्रण का महत्व समझाती है और यह बताती है कि यदि लक्ष्य उच्च हो, तो साधना का मार्ग कितना भी कठिन क्यों न हो, उसे दृढ़ संकल्प के साथ प्राप्त किया जा सकता है।
ऐसे महान तपस्वी के प्रति लूनिया टाइम्स न्यूज़ चैनल परिवार की ओर से हृदय से अनंत-अनंत अनुमोदना और विनम्र नमन।














