डिंगरोदा बना धर्मोत्सव का केंद्र, भव्य प्रतिष्ठा में उमड़ा जनसैलाब

- मध्य प्रदेश (मक्सी तीर्थ समीप)
केसरिया आदिनाथ प्रभु प्रतिष्ठा व केसरिया कांति विहार धाम का भव्य उद्घाटन सम्पन्न
मक्सी तीर्थ के समीप स्थित डिंगरोदा ग्राम आज एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक उत्सव का साक्षी बना। यहां केसरिया आदिनाथ प्रभु एवं 114 वर्ष प्राचीन आदिनाथ प्रभु पगलिया की भव्य प्रतिष्ठा महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इसी पावन अवसर पर केसरिया कांति विहार धाम का भी विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस विराट आयोजन में आसपास के अनेक गांवों से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। विभिन्न गांवों से राखी, फल, चूंदड़ी और स्नेह भोज की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने पूरे क्षेत्र को भक्ति और अपनत्व से सराबोर कर दिया।
इस धर्मकार्य का संपूर्ण निर्माण महेंद्र जी कटारिया परिवार द्वारा स्वव्यय से कराया गया, जिसकी समाज में व्यापक सराहना हो रही है। परिवार ने धर्मसेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम को विशेष दिव्यता प्रदान हुई गुरु नवरत्न कृपा प्राप्त, जिनशासन हितचिंतक परम पूज्य आचार्य देव श्री विश्वरत्नसागर सुरीश्वर जी म.सा. के प्रेरणादायक सान्निध्य से। उनकी पावन उपस्थिति से आयोजन और भी गौरवशाली एवं मंगलमय बन गया।
साथ ही अनेक साधु-साध्वी भगवंतों की उपस्थिति ने आयोजन की आध्यात्मिक गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। विशेष रूप से साध्वीवर्या श्री शीलरेखा श्री जी म.सा., श्री दिव्ययशा श्री जी म.सा., श्री स्वर्णज्योति श्री जी म.सा. एवं श्री मननकीर्ति श्री जी म.सा. आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
पूरे महोत्सव के दौरान जयघोष, मंगलगीत और आराधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। ऐसा प्रतीत हुआ मानो पूरा डिंगरोदा ग्राम एक जीवंत धर्मनगरी में परिवर्तित हो गया हो।
इस पावन अवसर पर डिंगरोदा की धरा पर केवल प्रतिष्ठा ही नहीं, बल्कि धर्म, सेवा, श्रद्धा और गुरुकृपा का एक स्वर्णिम अध्याय भी रचा गया।














