News

श्याम वाटिका की बदहाल सड़क बनी हादसों का सबब, प्रशासन की अनदेखी से भड़के कॉलोनीवासी

राकेश अग्रवाल

गड्ढों और जलभराव से राहगीर परेशान, स्कूली बच्चे व बुजुर्ग रोज हो रहे चोटिल


सवाई माधोपुर। जिला मुख्यालय के निकट हाउसिंग बोर्ड स्थित श्याम वाटिका कॉलोनी (वार्ड-21) में वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़ी सड़क अब स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे, कीचड़ और जलभराव के चलते आए दिन राहगीर, स्कूली बच्चे और बुजुर्ग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि समस्या के समाधान की ओर कोई ठोस कदम उठाते नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे कॉलोनीवासियों में भारी रोष व्याप्त है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार जिला प्रशासन और स्थानीय विधायक को लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन आज तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। हालत यह है कि सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों में बारिश का पानी भर जाता है, जिससे लोगों का आवागमन तक दूभर हो जाता है।
स्थानीय निवासी हेमा शर्मा ने बताया कि खराब सड़क के कारण वाहन अक्सर गड्ढों में फंस जाते हैं और कई बार स्कूली बच्चे गिरकर चोटिल हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। सड़क पर जलभराव होने से बच्चों का स्कूल जाना तक मुश्किल हो जाता है और कई बार उन्हें घर पर ही रुकना पड़ता है।

WhatsApp Image 2026 06 04 at 2.24.22 PM WhatsApp Image 2026 06 04 at 2.24.21 PM
वहीं इंद्रा देवी ने बताया कि सड़क पर बने गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं को खुला न्योता दे रहे हैं। आए दिन बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने मांग की कि शीघ्र सड़क निर्माण कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
स्थानीय निवासी राकेश मीणा का कहना है कि सड़क की दुर्दशा को लेकर कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि मानसून सिर पर है और यदि समय रहते सड़क निर्माण नहीं कराया गया तो कॉलोनीवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

बरसात से पहले नहीं हुआ समाधान तो बढ़ेगी मुसीबत

कॉलोनीवासियों का कहना है कि श्याम वाटिका की सड़क लंबे समय से बदहाली का शिकार है। यदि मानसून से पहले सड़क निर्माण नहीं कराया गया तो जलभराव और कीचड़ के कारण हालात और बिगड़ सकते हैं। लोगों ने जिला प्रशासन और स्थानीय विधायक से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास के दावों के बीच श्याम वाटिका की यह बदहाल सड़क प्रशासनिक उदासीनता की कहानी बयां कर रही है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि लोगों की इस जायज मांग पर कब तक ध्यान देते हैं।

Khushal Luniya

Meet Khushal Luniya – A Young Tech Enthusiast, AI Operations Expert, Graphic Designer, and Desk Editor at Luniya Times News. Known for his Brilliance and Creativity, Khushal Luniya has already mastered HTML and CSS. His deep passion for Coding, Artificial Intelligence, and Design is driving him to create impactful Digital Experiences. With a unique blend of technical skill and artistic vision, Khushal Luniya is truly a rising star in the Tech and Media World.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button