NH-758 पर चला पीला पंजा: सहाड़ा से टपरियाखेड़ी तक 30 मीटर दायरे के अवैध निर्माण ध्वस्त, थमेगा हादसों का सफर

भीलवाड़ा/राजसमंद।नेशनल हाईवे 758 (भीलवाड़ा – राजसमंद रोड) पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। हाईवे को सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन और NHAI (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) ने संयुक्त रूप से एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सहाड़ा से टपरियाखेड़ी के बीच हाईवे के सेंटर से 30 मीटर के दायरे में आने वाले सभी कच्चे और पक्के अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है।
हादसों पर लगेगा ब्रेक, बढ़ेगी विजिबिलिटी
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इस मार्ग पर लगातार हो रहे अतिक्रमण के कारण हाईवे संकरा हो गया था, जिससे दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता था। अब हाईवे पूरी तरह क्लियर होने से सड़क चौड़ी और साफ नजर आएगी। इससे वाहन चालकों को बेहतर विजिबिलिटी मिलेगी और क्षेत्र में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में भारी कमी आएगी।

प्रशासनिक अमला और NHAI की टीम रही मुस्तैद
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष पैमाइश के लिए क्षेत्र के गिरदावर (कानूनगो), पटवारी सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।वहीं NHAI की ओर से रूट मैनेजर पांचूराम कुमावत, पेट्रोलिंग अधिकारी सिंटू खारोल, आरपीवीडी रवि सिंगोलिया, देवीलाल राव और सूरज सहित पूरी टीम ने मौके पर रहकर इस डिमोलिशन ड्राइव को सफलतापूर्वक पूरा करवाया। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि हाईवे की सीमा में दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













