News

400 से अधिक विद्यार्थियों ने चित्रकला प्रतियोगिता में लिया भाग, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

WhatsApp Image 2024 05 30 at 10.35.36 1Advertising for Advertise Space
  • रिपोर्ट – भरत शर्मा रानी

पाली, 05 जून। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्षेत्रीय कार्यालय, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, पाली तथा वन विभाग, पाली के संयुक्त तत्वावधान में वंदे मातरम् छात्रावास, पाली में भव्य चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम इस वर्ष की वैश्विक थीम “प्रकृति से प्रेरित – जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” के अनुरूप आयोजित किया गया।

प्रतियोगिता में राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड से जुड़े लगभग 400 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने चित्रों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता तथा जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की कलात्मक अभिव्यक्तियों ने प्रकृति संरक्षण के प्रति उनकी जागरूकता और संवेदनशीलता को दर्शाया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं छात्रावास कर्मचारियों को कपड़े के बैग वितरित किए गए। इससे प्लास्टिक उपयोग को कम करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का प्रयास किया गया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विभाग की ओर से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेताओं को सम्मान स्वरूप पुरस्कारों के साथ पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर हुई “रन फॉर एनवायरमेंट”

विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल एवं वन विभाग, पाली द्वारा लाखोटिया उद्यान में “रन फॉर एनवायरमेंट” कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस दौड़ प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवाओं एवं नागरिकों ने भाग लिया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।

विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ

कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कनिष्ठ पर्यावरण अभियंता इशरत जहान ने विश्व पर्यावरण दिवस की थीम की जानकारी दी तथा पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण, वृक्षारोपण एवं सतत विकास के लिए आगे आने का आह्वान किया।

पौधारोपण कर दिया हरियाली बढ़ाने का संदेश

कार्यक्रम के समापन अवसर पर छात्रावास परिसर में पौधारोपण किया गया। अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया तथा समाज में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर वन विभाग, पाली से साहिल पोसवाल, मदनसिंह बोड़ा, प्रकाश पटेल, आशिक खान, ईश्वर, महेन्द्र सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस आयोजन ने विद्यार्थियों और आमजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

न्यूज़ डेस्क

🌟 "सच्ची ख़बरें, आपके अपने अंदाज़ में!" 🌟 "Luniya Times News" पर हर शब्द आपके समाज, आपकी संस्कृति और आपके सपनों से जुड़ा है। हम लाते हैं आपके लिए निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित में बनी खबरें। यदि आपको हमारा प्रयास अच्छा लगे — 🙏 तो इसे साझा करें, समर्थन करें और हमारे मिशन का हिस्सा बनें। आपका सहयोग ही हमारी ताक़त है — तन, मन और धन से। 📢 "एक क्लिक से बदलें सोच, एक शेयर से फैलाएं सच!"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button