गैस सिलेण्डरों को लेकर अफवाहों से बचें, जिले में पर्याप्त उपलब्धता – कलेक्टर

- भीलवाड़ा | लूनिया टाइम्स न्यूज | संवाददाता प्रभुलाल लोहार
भीलवाड़ा जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने जिलेवासियों को आश्वस्त किया है कि जिले में रसोई गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त उपलब्धता है और इसकी आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि गैस सिलेण्डरों को लेकर फैल रही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक रूप से पैनिक बुकिंग या सिलेण्डरों का भंडारण करने से बचें।
जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले की सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू गैस सिलेण्डरों की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है और फिलहाल किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। प्रशासन द्वारा पूरे सिस्टम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेण्डर उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि आमजन गैस रिफिल से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 112, 181 एवं 14435 पर संपर्क कर सकते हैं। इन नंबरों पर शिकायत दर्ज होते ही संबंधित विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिला कलेक्टर ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि गैस बुकिंग की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुसार संचालित की जाए। पंजीकृत उपभोक्ताओं को ओटीपी के माध्यम से ही घरेलू गैस सिलेण्डर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि गैस सिलेण्डरों की कालाबाजारी और दुरुपयोग को रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा जिला सतर्कता यूनिट का गठन किया गया है। यह यूनिट जिलेभर में निगरानी रखेगी और शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाएगी।
इसके अलावा प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि स्कूल, अस्पताल, ट्रस्ट, जेल एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए वाणिज्यक गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे, ताकि किसी भी संस्था या सेवा को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अंत में जिला कलेक्टर ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने से बचें और गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।













