संरक्षण के लिए उठी बुलंद आवाज; ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

भीलवाड़ा | लूनिया टाइम्स न्यूज
संवाददाता: प्रभुलाल लुहार
गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और सम्मान की मांग को लेकर रविवार को भीलवाड़ा में एक व्यापक जनआंदोलन का रूप देखने को मिला। राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी और गौ सेवा संघ, भीलवाड़ा के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक संगठनों व जिलेभर के गौसेवकों ने परशुराम सर्किल पर एकत्रित होकर विशाल रैली निकाली।
रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां जिला कलेक्टर जसमीत सिंह सन्धू को राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के अंतर्गत दिया गया, जिसमें गौवंश की वर्तमान स्थिति पर गंभीर चिंता जताते हुए प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।

रैली के दौरान गौभक्तों ने जयकारों के साथ पूरे शहर में गौ संरक्षण का संदेश प्रसारित किया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि भारतीय संस्कृति में ‘माता’ का दर्जा प्राप्त गौवंश आज कई चुनौतियों से जूझ रहा है। सड़कों पर आवारा घूमते पशु, चारे और पानी की कमी, बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं, पर्याप्त चिकित्सा सुविधाओं का अभाव और गौशालाओं की सीमित व्यवस्था स्थिति को और गंभीर बना रही है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें रखी गईं—देशभर में गौ-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और सख्त कानूनी कार्रवाई, शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में गौशालाओं की संख्या बढ़ाकर उनका आधुनिकीकरण, सड़कों पर भटकते गौवंश के लिए स्थायी आश्रय स्थलों का निर्माण, नियमित स्वास्थ्य जांच व चिकित्सा शिविरों का आयोजन, तथा सरकारी स्तर पर गौ सेवा को बढ़ावा देने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाना।
कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय जिम्मेदारी भी है, जिसके लिए शासन-प्रशासन को ठोस और त्वरित निर्णय लेने चाहिए।











