डिग्री कॉलेज टुंडी में पृथ्वी दिवस समारोह का आयोजन

टुंडी। डिग्री कॉलेज टुंडी के बिरसा मुंडा सभागार में प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार के निर्देशन में अंतर्राष्ट्रीय पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत श्री बिनोद बिहारी महतो के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
भौतिक विज्ञान विभाग के प्रो. प्रीतम कुमार सिंह ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए इस वर्ष की थीम “हमारा ग्रह, हमारी शक्ति” पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राजनीति विज्ञान विभाग की प्रो. कुसुम रानी ने पृथ्वी दिवस के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न वैश्विक संगठनों द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला और छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यार्थियों को प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के महत्व को समझाते हुए अपील की कि वे अपने जन्मदिन के अवसर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर छात्रा रानी हेम्ब्रम ने एक प्रेरणादायक कविता प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. रानी सिंह द्वारा किया गया।
समारोह को सफल बनाने में महाविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।














