जिला परिषद बोर्ड की बैठक सह होली मिलन समारोह का आयोजन

लूनिया टाइम्स न्यूज | दीपक पाण्डेय, पत्रकार टुंडी
टुण्डी : पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत सोमवार को जिला परिषद बोर्ड की बैठक जिला परिषद अध्यक्षा शारदा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण जनहित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा और समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान टुण्डी जिला परिषद क्षेत्र संख्या 4 की सदस्या मीना हेंब्रम ने पूर्व की तरह इस बार भी मुखर रुख अपनाते हुए जनहित योजनाओं के समय पर धरातल पर नहीं उतरने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आवंटन के अभाव में जिला परिषद धनबाद कई योजनाओं को लागू नहीं कर पा रही है और अनेक योजनाएं अब भी लंबित पड़ी हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि चुनाव नजदीक होने के बावजूद जनप्रतिनिधि जनता को क्या जवाब देंगे।
मीना हेंब्रम ने उपविकास आयुक्त की अनुपस्थिति में बैठक में ठोस निर्णय नहीं लिए जाने पर भी चिंता व्यक्त की।
बैठक के उपरांत लूबी सर्कुलर रोड स्थित जिला परिषद अध्यक्षा शारदा सिंह के आवासीय कार्यालय में होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ। इस दौरान सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
मौके पर अध्यक्षा शारदा सिंह, सदस्या मीना हेंब्रम, दिव्या बास्की, उनके प्रतिनिधि गुरुचरण बास्की सहित सभी सदस्य और बड़ी संख्या में शुभचिंतक उपस्थित रहे।














