राजसमंद में दर्दनाक हादसा! बेकाबू ट्रेलर ने परिवार को कुचला, 3 की मौके पर मौत

आमेट। राजसमंद जिले के आमेट थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ढेलाणा भैरूजी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे एक ही परिवार के लोगों को तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रेलर ने कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर शव बिखर गए और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही आमेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। इस हादसे को लेकर उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी व डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने दु:ख व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

आमेट थाना प्रभारी ओमसिंह चुंडावत ने बताया कि आमेट शहर के नगरपालिका कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय मुकेश पुत्र हस्तीमल जोशी डाकोत उसकी बहन जयपुर निवासी 32 वर्षीय मधुबाला जोशी, भतीजा 7 वर्षीय कुलदीप पुत्र कृष्ण कुमार, भाणेज लक्ष्यदीप पुत्र विष्णुदत्त और भांजी 13 वर्षीय चारू उर्फ काव्या को लेकर बाइक पर जा रहे थे। चन्द्रभागा नदी के आसन पुलिया पर सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने कुचल दिया। हादसे में मुकेश जोशी, कुलदीप व लक्ष्यदीप की मौत हो गई, जबकि मधुबाला व काव्य गंभीर घायल है। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक व घायलों को आमेट अस्पताल पहुंचाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल करवाई है। दुर्घटना के बाद मौके पर एक बारगी अफरातफरी मच गई। आमेट व देवगढ़ की तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने दुर्घटना का प्रकरण दर्ज करते हुए क्षतिग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है।













