News

भीलवाड़ा की उड़ान को मिलेंगे पंख: सांसद दामोदर अग्रवाल ने हमीरगढ़ हवाईपट्टी पर UDAN योजना की मांग रखी

  • IMG 20250805 WA0014

भीलवाड़ा, पेसवानी।  भीलवाड़ा के सांसद दामोदर अग्रवाल ने चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में एक और ठोस पहल करते हुए लोकसभा में हमीरगढ़ हवाईपट्टी पर क्षेत्रीय उड़ान सेवा (UDAN योजना) शुरू करने की मांग रखी है। मानसून सत्र के दौरान नियम 377 के तहत उन्होंने इस मुद्दे को उठाते हुए केंद्र सरकार से शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।

सांसद अग्रवाल ने बताया कि हमीरगढ़ हवाईपट्टी को सरकार द्वारा UDAN योजना के तहत “असेवित हवाईपट्टियों” की सूची में शामिल किया गया है, लेकिन अभी तक किसी भी एयरलाइन को यहां उड़ानें संचालित करने का अवार्ड नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि 2019 में UDAN 4.0 के तहत बोलियां आई थीं, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।

सांसद प्रवक्ता विनोद झूरानी ने कहा कि भीलवाड़ा देश का प्रमुख औद्योगिक एवं वस्त्र उत्पादन केंद्र है, जहाँ रोजाना बड़ी संख्या में व्यापारी और पर्यटक आते-जाते हैं। फिलहाल, नजदीकी हवाई अड्डे उदयपुर (135 किमी) या जयपुर (250 किमी) होने से यात्रियों को असुविधा होती है। हवाई सेवा शुरू होने से न केवल स्थानीय उद्योगों को फायदा होगा, बल्कि रोजगार और पर्यटन भी बढ़ेगा।

अग्रवाल ने केंद्र सरकार से मांग की है कि UDAN योजना के तहत हमीरगढ़ हवाईपट्टी को विकसित कर दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद जैसे प्रमुख शहरों से जोड़ा जाए, ताकि आमजन और व्यापारियों को सुविधाजनक यातायात सुविधा मिल सके। इस पहल से भीलवाड़ा के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

मूलचन्द पेसवानी शाहपुरा

जिला संवाददाता, शाहपुरा/भीलवाड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button