दलूगोडा में हाथी आतंक, आधा दर्जन घर ध्वस्त, मुखिया प्रतिनिधि शक्ति हेंब्रम ने लिया जायजा

दलूगोडा में हाथी आतंक, मुखिया प्रतिनिधि ने लिया नुकसान का जायजा
टुण्डी | 17 जनवरी | रिपोर्ट: दीपक पाण्डेय
पश्चिमी टुण्डी क्षेत्र में जंगली हाथियों के लगातार उत्पात से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। शाम होते ही लोग घरों में सिमटने को मजबूर हैं।
टुण्डी प्रखंड के विभिन्न इलाकों में इन दिनों जंगली हाथियों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बीती अर्धरात्रि जाताखूंटी पंचायत के ग्राम दलूगोडा में बोराए हाथियों ने तांडव मचाते हुए करीब आधा दर्जन घरों को ध्वस्त कर दिया। घरों में संग्रहित अनाज को भी हाथियों ने नुकसान पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही जाताखूंटी मुखिया प्रतिनिधि शक्ति हेंब्रम मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त घरों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस घटना में श्रीमती मोनिका बास्की (पति मनोज बास्की), चारो बास्की (पति जूरा बास्की) सहित अन्य ग्रामीणों के मकानों को गंभीर क्षति हुई है।
“घटनाक्रम से वन विभाग को अवगत करा दिया गया है। विभाग के साथ वार्ता के बाद पीड़ित परिवारों को शीघ्र उचित मुआवजा देने पर सहमति बनी है।”
— शक्ति हेंब्रम, मुखिया प्रतिनिधि

मुखिया प्रतिनिधि द्वारा किए गए त्वरित प्रयासों से पीड़ित परिवारों को राहत की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने इस संवेदनशील पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया है।
© स्थानीय समाचार | टुण्डी क्षेत्र













