वक्ताओ ने सात विजन के साथ पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए संगठन को सशक्त, संगठित एवं प्रभावी बनाने पर बल दिया

नगर माहेश्वरी महिला संस्थान का दायित्व अलंकरण (शपथ ग्रहण) समारोह सम्पन्न
भीलवाड़ा = नगर माहेश्वरी महिला संस्थान, भीलवाड़ा द्वारा दायित्व अलंकरण समारोह (शपथ ग्रहण) 2026 का आयोजन रामेश्वरम, हरणी महादेव में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ द्वीप प्रज्वलन एवं अतिथि स्वागत से हुआ। समारोह मे मुख्य अतिथि राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्रीमती ममता मोदानी, विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सीमा कोगटा, जिलाध्यक्ष प्रीति लोहिया, जिला सचिव भारती बाहेती सहित नगर अध्यक्ष डॉ. सुमन सोनी मौजूद रही।
मुख्य अतिथि मोदानी ने अध्यक्ष वीणा मोदी, सचिव विनीता तोषणीवाल, कोषाध्यक्ष निशा सोनी, संगठन मंत्री नीलम दरगड़, उपाध्यक्ष शशि अजमेरा, रीना डाड, सोनल माहेश्वरी, स्नेहलता तोषणीवाल, संयुक्त मंत्री लीना कोठारी, चेतना बसेर, साधना बाहेती, सुमित्रा भदादा सहित प्रकल्प प्रमुख अनु मोदी को नेतृत्व, लक्ष्य निर्धारण, सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन, अनुशासन, अर्थ प्रबंधन एवं टीमवर्क जैसे सात विजन के साथ पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए संगठन को सशक्त, संगठित एवं प्रभावी बनाने पर बल दिया। मोदानी ने कहा की महिला सशक्तिकरण, संगठनात्मक एकता और समाज सेवा की आधारशिला हैं।

बिना टीम वर्क के कोई भी संगठन दीर्घकालिक प्रगति नहीं कर सकता।” उन्होंने बताया कि एक मजबूत टीम ही किसी भी संस्था की रीढ़ होती है, जो उसे चुनौतियों का सामना करने और लक्ष्यों को प्राप्त करने में सक्षम बनाती है। प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सीमा कोगटा ने सभी पदाधिकारियों से एकजुटता, सक्रियता एवं निरंतर कार्य करते हुए संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया। समारोह मे सोनल माहेश्वरी, पायल सेठिया, पुनिता माहेश्वरी एवं मीनाक्षी दरगड़ द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य, कृष्णा लढा एवं सविता काबरा की महेश वंदना ने कार्यक्रम को अत्यंत आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम में पदाधिकारियों की सामूहिक एंट्री विशेष आकर्षण रही। जिसमें नगर एवं तेरह क्षेत्रीय महिला संगठनों के पदाधिकारियों ने सामूहिक शपथ ली।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष डॉ. सुमन सोनी एवं नगर सचिव सोनल माहेश्वरी की अगुवाई में नवदायित्वधारी टीम का स्वागत किया गया। सभी पदाधिकारियों को सम्मानित करते हुए उन्हें अपने कर्तव्यों का निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष वीणा मोदी ने संगठन को नई दिशा देने का संकल्प व्यक्त करते हुए संस्कारों के सुदृढ़ीकरण, “डिजिटल नारी” सशक्तिकरण, स्किल डेवलपमेंट तथा प्रत्येक नारी की प्रतिभा को मंच व सम्मान दिलाने पर कार्य करने की बात कही। सचिव विनीता तोषणीवाल ने सभी अतिथियों एवं सदस्याओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन नगर सचिव सोनल माहेश्वरी ने किया। कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों के साथ नगर की सभी सदस्याएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं, जिससे आयोजन भव्य एवं सफल रहा।











