महेश्वर महादेव मंदिर, भायंदर पश्चिम में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव

भायंदर पश्चिम स्थित ईदरा कॉम्प्लेक्स, 60 फीट रोड पर स्थित महेश्वर महादेव मंदिर में चैत्र माह की पूर्णिमा के अवसर पर हनुमान जन्मोत्सव पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
मंदिर में सुबह 6:00 बजे से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने लगी। श्रद्धालु हनुमान जी को तेल, आक के फूलों की माला, सिंदूर, नारियल आदि अर्पित करते हुए नजर आए और अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। कई भक्तों को पंचमुखी हनुमान जी के दरबार में शीश नवाते हुए भी देखा गया। इस अवसर पर भक्तों द्वारा विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई। मान्यता है कि इस दिन सच्चे मन से हनुमान जी की पूजा करने पर धन, संपदा और ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है तथा रोग, दोष और भय से मुक्ति मिलती है। मंदिर परिसर में भक्तगण हनुमान चालीसा का पाठ करते नजर आए।


हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर को भगवा पताकाओं, आकर्षक डेकोरेशन और लाइटिंग से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में रंग गया। महेश्वर महादेव मंदिर की विशेष मान्यता है कि यहां की गई प्रार्थनाएं शीघ्र फल देती हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां सभी ने देश में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान सभी भक्तों को बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर समीर गोपालदास बजाज परिवार द्वारा सवा मणी का आयोजन किया गया। इस संबंध में जानकारी मंदिर के पुजारी जगदीश भाई श्रीमाली ने दी।














