सरदार नगर में बाबा साहेब आंबेडकर जयंती पर श्रद्धा, जागरूकता और वृक्षारोपण कार्यक्रम

सरदार नगर क्षेत्र में बाबा साहेब की जयंती पर श्रद्धा व सेवा के कार्यक्रम
- आयुर्वेद विभाग द्वारा सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित
लुनिया टाइम्स न्यूज़ बनेड़ा: परमेश्वर दमामी
संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर सरदार नगर क्षेत्र में आयुर्वेद विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा, सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रभारी राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय सरदार नगर डॉ. सरफराज अली खान ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन उपखंड अधिकारी बनेड़ा श्रीकांत व्यास एवं उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग भीलवाड़ा डॉ. महाराज सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस दौरान राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय मुंशी, सरदार नगर एवं लापिया में बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। आयुर्वेद नर्स रिंकू कुमारी मीणा एवं माधुरी मीणा ने माल्यार्पण कर उनके विचारों को स्मरण किया।

वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन, उनके संघर्षों और समाज के वंचित वर्गों—दलितों, महिलाओं एवं श्रमिकों—के अधिकारों के लिए किए गए उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्हें महान समाज सुधारक, प्रख्यात अर्थशास्त्री और स्वतंत्र भारत के पहले कानून मंत्री के रूप में याद किया गया।
इस अवसर पर ग्रामीणों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने समानता और भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
वहीं राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय लापिया परिसर में पर्यावरण संरक्षण के तहत आयुर्वेद नर्स रिंकू कुमारी मीणा द्वारा 15 औषधीय पौधों का रोपण किया गया। इस पहल को उपस्थित ग्रामीणों ने सराहा और अधिक वृक्षारोपण का संदेश दिया गया।
समापन में आयोजकों ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।













