पाली में प्रभारी सचिव पी. रमेश की समीक्षा बैठक, योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर

पाली। जिला प्रभारी सचिव पी. रमेश ने सोमवार को पाली जिले के दौरे के दौरान जिला कलेक्टर कार्यालय में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान प्रभारी सचिव ने आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल, बिजली और चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए। साथ ही वर्ष 2025-26 की बजट घोषणाओं के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा कर उनमें तेजी लाने पर जोर दिया।
उन्होंने राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं और जिले से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की, जिनमें बजट घोषणाएं, कानून व्यवस्था, एलपीजी वितरण, राजस्थान संपर्क पोर्टल आदि शामिल रहे। समर कंटेनजेंसी के तहत पेयजल नेटवर्क, आपूर्ति स्थिति, जंवाई बांध की स्थिति, आधारभूत ढांचा, जल जीवन मिशन, अमृत 2.0, आपातकालीन योजना समेत विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

इसके अलावा एनएफएसए के तहत नए परिवारों को लाभान्वित करने, कुसुम योजना (घटक ए, बी व सी), लाडो प्रोत्साहन योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण व शहरी), स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, पंच गौरव योजना, नमो ड्रोन दीदी, सोलर दीदी, लखपति दीदी, बैंक सखी, कृषि सखी, पशु सखी एवं मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान प्रभारी सचिव ने वर्ष 2026-27 की बजट घोषणा के अंतर्गत डिस्कॉम के अधिकारी अजय माथुर को देवली हुला सोजत में प्रस्तावित 33 केवी जीएसएस के लिए भूमि आवंटन पत्र भी सौंपा।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले में चल रहे कार्यों और योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया, जबकि जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने कानून व्यवस्था की स्थिति की जानकारी दी। इसके बाद प्रभारी सचिव ने जिला कलेक्टर कार्यालय स्थित डिस्ट्रिक्ट पब्लिक सर्विस डिलीवरी रूम का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में आईएएस बिरजू गोपाल, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।











