सेन समाज द्वारा संत शिरोमणि सेनजी महाराज की 726वीं जयंती धूमधाम से मनाई

गंगापुर। सेन समाज विकास समिति, गंगापुर के तत्वावधान में संत शिरोमणि श्री श्री 1008 सेनजी महाराज की 726वीं जयंती श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक एकता के साथ मनाई गई। दो दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत 13 अप्रैल की रात्रि को रामायण पाठ के साथ हुई।
मुख्य कार्यक्रम मंगलवार को दोपहर 2 बजे बाई साहब महारानी मंदिर से भव्य शोभा यात्रा के साथ प्रारंभ हुआ। शोभा यात्रा में महिलाएं लाल चुन्नड़ एवं पुरुष सफेद वस्त्रों में सुसज्जित होकर डीजे, बैंड-बाजों और “सेनजी महाराज की जय” के जयघोष के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
इसके पश्चात शाम 5:30 बजे सेन समाज छात्रावास, नेहरू नगर में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कक्षा 6 से उच्च शिक्षा तक 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 50 से अधिक प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समिति अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र सेन ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में एकता को सुदृढ़ करना तथा नई पीढ़ी को सेनजी महाराज के सत्य, अहिंसा और सद्भावना के संदेश से जोड़ना है। कार्यक्रम के समापन पर विशाल स्नेह भोज का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों समाज बंधुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर सेन समाज रक्षा संगठन राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष रामनिवास सेन कोशीथल, कैलाश चन्द्र, नवरतन सेन (प्रधानाचार्य चावण्डिया), कन्हैया लाल सेन, आशीष सेन, चांदमल सेन, संजय सेन, विक्की सेन, जगदीश चन्द्र सेन (मेरुणी), राधे सेन, रामचन्द्र सेन कोशीथल, नारूलाल सेन (मेरुणी), रतन लाल सेन (सोनियाना), राजकुमार सेन सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समिति ने सभी आगंतुकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।











