“विकास रथ” को हरी झंडी, गांव-गांव पहुंचेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी

- लूनिया टाइम्स न्यूज़, बनेड़ा | परमेश्वर दमामी
राजस्थान में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित “एलईडी मोबाइल वैन ग्राम रथ अभियान” के तहत शाहपुरा क्षेत्र में आज “विकास रथ” यात्रा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने चमनपुरा ग्राम से हरी झंडी दिखाकर की। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत किया।
विधायक डॉ. बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों, पशुपालकों और आमजन तक जनकल्याणकारी योजनाओं की सटीक और विस्तृत जानकारी पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि यह एलईडी मोबाइल वैन आधुनिक तकनीक से लैस है, जिसके जरिए वीडियो, ऑडियो और दृश्य सामग्री के माध्यम से योजनाओं की जानकारी सीधे गांवों तक पहुंचाई जाएगी। “विकास रथ” अभियान के अंतर्गत विभिन्न गांवों में जाकर लोगों को कृषि, पशुपालन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार और आधारभूत विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। इससे पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। वहीं ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राजाधिराज बनेड़ा गोपाल चरण सिंह, लक्ष्मी लाल सोनी, बनेड़ा मंडल अध्यक्ष अशोक चेचाणी, भाजपा नेता भैरु लाल लक्षकार, एसडीएम श्रीकांत व्यास, बीडीओ गणेश जी, सरपंच माया देवी गुर्जर सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने और विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।














