रानी में अज्ञात युवक की सड़क हादसे में मौत, पहचान नहीं होने पर हिंदू रीति से किया अंतिम संस्कार

भरत जीनगर, रानी स्टेशन (पाली)
रानी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात युवक की मौत हो गई। घटना 12 मई 2026 की देर रात करीब 12:42 बजे रानी-खिमेल रोड पर हुई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही कार ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में शामिल कार का नंबर RJ 06 UA 7567 बताया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए लगातार प्रयास किए। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की गई तथा सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाने की कोशिश की गई, लेकिन 12 मई से 15 मई 2026 तक युवक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद शव को चिकित्सालय की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया तथा CHC मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया।
काफी प्रयासों के बावजूद मृतक के परिजन या वारिस सामने नहीं आने पर प्रशासन ने नियमानुसार अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की। इसके तहत शव को हिन्दू सेवा समिति के डालचंद मेवाड़ा को सुपुर्द किया गया। उनकी टीम और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में अज्ञात युवक का हिन्दू रीति-रिवाजों से अंतिम दाह संस्कार किया गया।
इस दौरान गोपीचंद माली, विक्रम सोलंकी, मनोज सोलंकी, मनमीत सिंह बग्गा, पवन मेवाड़ा, गुलाब, राजू, रवि, विक्रम, अजय, रोहन, प्रवीण और जीतू मेघवाल सहित कई लोग मौजूद रहे।











