नगर पालिका सुमेरपुर की तत्परता से वार्ड नंबर 8 में फिर चला सफाई अभियान

Pukhraj Kumawat
सुमेरपुर। जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने वाली पत्रकारिता और प्रशासन की सक्रियता का सकारात्मक असर अब साफ तौर पर नजर आने लगा है। हाउसिंग बोर्ड वार्ड नंबर 8 में लंबे समय से बनी गंदगी, अव्यवस्थित सफाई व्यवस्था और नालियों की समस्या को लेकर प्रकाशित खबरों के बाद नगर पालिका सुमेरपुर एक्शन मोड में दिखाई दी। शुक्रवार को वार्ड में दोबारा विशेष सफाई अभियान चलाकर व्यापक स्तर पर सफाई कार्य करवाया गया।
पालिका टीम ने वार्ड की मुख्य गलियों, सार्वजनिक स्थलों, कचरा पॉइंट्स और नालियों की साफ-सफाई कर आमजन को राहत पहुंचाई। अभियान के दौरान वार्डवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय निवासी दिनेश कुमार ओड सहित क्षेत्र के लोगों ने कहा कि वर्षों बाद वार्ड में इस तरह गंभीरता और नियमितता के साथ सफाई व्यवस्था देखने को मिल रही है।

वार्डवासियों ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी नरपत सिंह राजपुरोहित की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके निर्देशन में प्रशासन शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। लोगों ने सफाई कर्मचारियों की मेहनत और तत्परता की भी प्रशंसा की।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पत्रकार पुखराज कुमावत द्वारा जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार प्रमुखता से उठाने का ही परिणाम है कि प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेकर कार्रवाई की। वार्डवासियों ने पुखराज न्यूज़ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता समाज और प्रशासन के बीच मजबूत कड़ी बनकर आमजन की आवाज को बुलंद कर रही है।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि पालिका प्रशासन भविष्य में भी इसी तरह नियमित मॉनिटरिंग और सफाई व्यवस्था बनाए रखेगा, ताकि शहर स्वच्छता के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर सके।










