नवकुण्डात्मक श्री हरिहर महायज्ञ के चौथे दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हवन श्रीमद्भागवत कथा एवं रामलीला में भक्तों ने लिया धर्म लाभ

भीलवाड़ा। मालोला रोड स्थित श्री पांडु का नाला वाले सगस जी दरबार परिसर में चल रहे नवकुण्डात्मक श्री हरिहर महायज्ञ के चौथे दिन धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। वैदिक मंत्रोच्चार एवं भक्ति रस से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
प्रातःकाल हवन एवं यज्ञ कार्यक्रम विधि-विधान से संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन स्थल पर सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा।
दोपहर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में कथा व्यास पंडित सूर्यप्रकाश जी शास्त्री ने भगवान की महिमा एवं धर्म के महत्व पर प्रवचन देते हुए श्रद्धालुओं को सत्कर्म एवं सेवा का संदेश दिया। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।

वहीं रात्रि में आयोजित रामलीला मंचन ने दर्शकों का मन मोह लिया। भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का जीवंत मंचन देख श्रद्धालु देर रात तक कार्यक्रम में डटे रहे।
महंत श्री 108 श्री धर्मदासजी महाराज एवं सहायक आचार्य पंडित गौरिशंकर शास्त्री के सानिध्य में चल रहे इस महायज्ञ में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्म लाभ ले रहे हैं।
आयोजन समिति सुरेश शर्मा ने बताया कि महायज्ञ के तहत आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे तथा 29 मई को पूर्णाहुति, कलश स्थापना,मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं विशाल महाप्रसादी के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।














