बालाजी कॉलोनी में बिगड़ी सफाई व्यवस्था पर वार्डवासियों का रोष, पालिका ईओ को सौंपा ज्ञापन

- REPORT – DASHRATH SHARMA HANUMANGARH
नोहर, हनुमानगढ़। कस्बे के वार्ड नंबर 01 स्थित बालाजी कॉलोनी में लंबे समय से बिगड़ी सफाई व्यवस्था को लेकर वार्डवासियों ने नाराजगी जताते हुए पालिका प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है। जागरूक नागरिक दशरथ गौड़ के नेतृत्व में वार्डवासियों ने नगरपालिका ईओ के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया।
ज्ञापन में बताया गया कि पिछले कई दिनों से वार्ड में सफाई कर्मचारी नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं तथा नाले और नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं। आंधी और धूल-मिट्टी के बाद भी सफाई नहीं होने से हालात और खराब हो गए हैं।
वार्डवासियों ने बताया कि कई गलियों में कीचड़ और गंदगी फैली हुई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। वहीं दूषित वातावरण के कारण बीमारियां फैलने का भी खतरा बढ़ गया है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र संज्ञान लेकर सफाई व्यवस्था को सुचारू करने तथा आमजन को गंदगी से राहत दिलाने की मांग की।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री नन्दलाल वर्मा सहित अनेक वार्डवासी उपस्थित रहे।











