28वीं खीमावत वाटिका का लोकार्पण, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
इटन्दरा मेडतियान में 28वीं खीमावत वाटिका का लोकार्पण, 7 हजार पौधों के रोपण का संकल्प

रानी | भरत शर्मा
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए इटन्दरा मेडतियान गांव में श्री राज राजेन्द्र बसंती देवी किशोरमल खीमावत चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा स्थापित 28वीं खीमावत वाटिका का भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर बजरंग सिंह ने कहा कि ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा वृक्षारोपण अभियान हरित राजस्थान के निर्माण के साथ-साथ पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
40 बीघा भूमि में विकसित की जा रही इस वाटिका में 7 हजार नीम एवं फलदार पौधे लगाए जाएंगे। ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने बताया कि अब तक ट्रस्ट द्वारा लगभग 28 लाख पेड़ों का रोपण किया जा चुका है, जो पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
कार्यक्रम में जिला परिषद सीईओ मुकेश चौधरी, उपखंड अधिकारी शिवा जोशी, उप जिला कलेक्टर विमलेन्द्र सिंह राणावत, विकास अधिकारी नारायण सिंह राजपुरोहित सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। वैज्ञानिक पवन टांक ने जैविक खाद के निर्माण एवं उपयोग की जानकारी देकर किसानों को जागरूक किया।
समारोह के दौरान खीमावत ट्रस्ट ने सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए निबाड़ा गांव में अंधड़ के दौरान पेड़ गिरने से मृत बालक के परिवार को प्रतिमाह ₹2,000 पेंशन सहायता देने की घोषणा की तथा पहली सहायता राशि मौके पर ही प्रदान की।
पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के इस अनूठे संगम को क्षेत्रवासियों ने सराहा तथा ट्रस्ट के प्रयासों की प्रशंसा की।













