गच्छाधिपति नित्यानंद सूरीश्वर जी का राजभवन में सम्मान

मुंबई। महाराष्ट्र के राज्यपाल ने गच्छाधिपति जैनाचार्य श्रीमद् विजय नित्यानंद सूरीश्वर का राजभवन में विशेष सम्मान किया। भारत सरकार द्वारा इस वर्ष “पद्मश्री” सम्मान से अलंकृत किए गए गच्छाधिपति के मुंबई आगमन पर उन्हें महाराष्ट्र राज्य के राजकीय अतिथि का दर्जा प्रदान किया गया।
गच्छाधिपति के मुंबई आगमन का समाचार मिलते ही महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन ने उन्हें राजभवन में ससम्मान आमंत्रित किया। 20 फरवरी 2025 को गच्छाधिपति नित्यानंद सूरीश्वर अपने शिष्यों पन्यास प्रवर धर्मशील विजय, मुनिराज मोक्षानंद विजय और मुनिराज ज्ञानानंद विजय के साथ वालकेश्वर स्थित महाराष्ट्र राजभवन पहुंचे।
इस विशेष अवसर पर केबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, नरेंद्र भंडारी, श्रेयस दोशी, अल्केश शाह और धैरव शाह भी उपस्थित रहे। उन्होंने राज्यपाल को भगवान महावीर की श्रमण परंपरा और गुरु वल्लभ समुदाय के वर्तमान गच्छाधिपति के तप, त्याग और सेवामय जीवन से अवगत कराया।
राज्यपाल ने गच्छाधिपति को करबद्ध नमन कर ससम्मान स्वागत किया। कुछ समय तक दोनों के बीच विभिन्न विषयों पर आध्यात्मिक चर्चा हुई। इस दौरान राज्यपाल ने अपने हाथों से गच्छाधिपति को सम्मानस्वरूप कांबली अर्पित की। इसके प्रत्युत्तर में गच्छाधिपति ने उन्हें अपनी लिखित पुस्तक “युगदृष्टा विजय वल्लभ” भेंट की।
इसके बाद केबिनेट मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने राज्यपाल को गुरु वल्लभ का चित्रयुक्त चांदी का मेडल पहनाया और एक सुंदर प्रतिमा भेंट की। राज्यपाल ने गुरुदेव के दर्शन कर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि यह अवसर उनके लिए आध्यात्मिक आनंददायक है।
Hello my loved one! I wish to say that this post is amazing, great written and include almost all significant infos. I’d like to peer extra posts like this .