खौड़ के अपेक्स पब्लिक स्कूल में पुरस्कार वितरण एवं विदाई समारोह आयोजित

- हितेश प्रसाद पाली | जवाली
जवाली खौड़ स्थित अपेक्स पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव, पुरस्कार वितरण एवं विदाई समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राजस्थानी संस्कृति की झलक पेश की, जिससे उपस्थित जनसमूह मंत्रमुग्ध हो उठा। पारंपरिक वेशभूषा और लोकगीतों पर आधारित प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त जॉइंट रजिस्ट्रार जवाहरलाल परिहार ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास के विकास का माध्यम भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी और विद्यालय के शैक्षणिक प्रयासों की सराहना की।

संस्था प्रधान जसाराम आगलेचा ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों का विवरण रखा। इस अवसर पर शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई। जूनियर्स ने सीनियर्स को शुभकामनाएँ दीं, वहीं सीनियर्स ने अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान वातावरण भावुक हो उठा।
अंत में संस्था प्रधान जसाराम आगलेचा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और ग्रामीणजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कारित नागरिक तैयार करना है। मंच संचालन ललिता परमार एवं चंद्रमणि चारण ने किया।
यह भी रहे मौजूद
उपसरपंच मालमसिंह, सेवानिवृत्त जॉइंट रजिस्ट्रार जवाहरलाल परिहार, संस्था प्रधान जसाराम आगलेचा, रमेश मेहता, समाजसेवी अरविंद गोयल, अजय जैन, नर्सिंग ऑफिसर अरुणेश भाटी, ताराराम मीणा, दिलीप आदरा, सुरेश कुमार, ओगडमल प्रजापत, शैतानसिंह धारियां, मोहनलाल प्रजापति, विद्यालय स्टाफ निर्मला माली, सुमन गोस्वामी, पलक चौधरी, गुडिया कंवर, मानसी वैष्णव, अंजली गोयल, गोविन्द, कविता सीरवी, भूमिका आगलेचा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।













