एसीबीईओ ने मगरतलाव विद्यालय में प्रवेशोत्सव की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

देसूरी। अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी देसूरी विजय सिंह माली ने निकटवर्ती राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मगरतलाव का दौरा कर स्टाफ बैठक ली और प्रवेशोत्सव की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी मगरतलाव चंदन सिंह राजपुरोहित ने बताया कि बैठक में एसीबीईओ माली ने प्रवेशोत्सव एवं हाउसहोल्ड सर्वे की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने वार्डवार सर्वे में चिन्हित अनामांकित एवं ड्रॉपआउट बालक-बालिकाओं पर विशेष ध्यान देते हुए सर्वेयर शिक्षकों को निर्देशित किया कि ऐसे सभी बच्चों का निकटतम राजकीय विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए।
माली ने स्पष्ट कहा कि कोई भी बालक-बालिका शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए और सभी को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए।
इससे पूर्व विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगा सिंह गुर्जर, हेमराज मीणा एवं भरत कुमार के निर्देशन में प्रवेशोत्सव जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान अभिभावकों से संपर्क कर शिक्षा विभाग की विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर श्रवण कुमार, कैलाश चंद्र, अमराराम, विष्णु दत्त, राजेश कुमार, कुंदन मीना, राहुल सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
उल्लेखनीय है कि 27 मार्च से प्रवेशोत्सव का प्रथम चरण शुरू हो चुका है, जिसके अंतर्गत शिक्षकों द्वारा वार्डवार डिजिटल एप के माध्यम से हाउसहोल्ड सर्वे कर अनामांकित एवं ड्रॉपआउट बच्चों को चिन्हित कर उन्हें शिक्षा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।













