भीषण गर्मी के चलते भीलवाड़ा में स्कूलों का समय बदला, कक्षा 8वीं तक दोपहर 11:30 बजे होगी छुट्टी

सत्यनारायण सेन गुरला
भीलवाड़ा। राजस्थान में बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी (हीटवेव) के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट जसमीत सिंह संधू ने रविवार को एक आदेश जारी कर जिले के स्कूलों के समय में बदलाव किया है।
नया समय और प्रभावी तिथि
कलक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भीलवाड़ा जिले के सभी राजकीय (सरकारी) और गैर-राजकीय (निजी) स्कूलों में कक्षा प्री-प्राइमरी से कक्षा 8वीं तक का शैक्षणिक कार्य अब सुबह 07:30 बजे से 11:30 बजे तक ही संचालित किया जाएगा। यह आदेश कल यानी *27 अप्रैल 2026 से वर्तमान शैक्षणिक सत्र की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।

बड़ी कक्षाओं का समय नहीं बदला
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों, समस्त स्टाफ और वर्तमान में संचालित हो रही अन्य परीक्षाओं का समय यथावत रहेगा। उनमें किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।
अवहेलना पर होगी सख्त कार्यवाही
मौसम विभाग के पूर्वानुमान और मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी के प्रस्ताव पर लिए गए इस निर्णय की पालना अनिवार्य है। आदेश में चेतावनी दी गई है कि यदि कोई भी सरकारी या निजी विद्यालय इन नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।











