टेवाली जनसुनवाई बनी आमजन के लिए राहत का माध्यम, अधिकांश समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान

रिपोर्ट: भरत शर्मा
प्रकाशन: लूनिया टाइम्स
पाली, 4 जून | लूनिया टाइम्स
ग्राम पंचायत टेवाली में आयोजित विशेष ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई आमजन के लिए राहत भरी साबित हुई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं का त्वरित निस्तारण करते हुए प्रशासन ने जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
उप जिला कलक्टर एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि शिविर में प्राप्त अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष पांच मामलों को संपर्क पोर्टल पर दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान राजस्व विभाग ने 10 नामांतरण, 4 आपसी विभाजन, 8 जमाबंदी एवं नक्शा सुधार, 1 सीमांकन तथा 10 पीएम किसान आवेदनों का निस्तारण किया। इसके अलावा 30 मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा धारा 136 के अंतर्गत 10 प्रकरणों का समाधान किया गया। जन्म-मृत्यु संबंधी 2 आज्ञापत्र भी जारी किए गए।
ग्राम पंचायत स्तर पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई तथा विवाह, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों का निस्तारण किया गया। साथ ही 2 नरेगा जॉब कार्ड और 4 पट्टों का वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य एवं पशुपालन सेवाओं का भी मिला लाभ
शिविर में चिकित्सा विभाग द्वारा 62 लोगों को दवाइयों का वितरण किया गया तथा 53 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। 5 लोगों का टीकाकरण भी किया गया। विद्युत विभाग ने मीटर सुधार एवं नवीन कनेक्शन से जुड़े प्रकरणों का तत्काल समाधान किया।
पशुपालन विभाग द्वारा 20 पशुओं का बीमा किया गया तथा 30 पशुओं का उपचार किया गया। समाज कल्याण विभाग ने पालनहार योजना एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े मामलों का निस्तारण किया। कृषि विभाग ने फसल बीमा एवं कृषि यंत्रों से संबंधित 7 प्रकरणों का समाधान किया, जबकि सांख्यिकी विभाग ने 3 जनाधार मामलों का निस्तारण किया।
प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हुईं, जिससे उन्हें काफी राहत मिली और जनसुनवाई अपने उद्देश्य में सफल रही।











