खोखरा गांव में पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ, समिति द्व्रारा लगेंगे 1000 पौधे

खोखरा (राजस्थान)। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए खोखरा ग्राम की सहकारी समिति परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति अध्यक्ष कल्याण सिंह राठौड़ एवं इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रतिनिधि राहुल कुमार द्वारा एक पौधा रोपकर किया गया, जिसे समिति के नाम समर्पित किया गया।
इस अवसर पर इफको के सेल्स एवं मार्केटिंग प्रतिनिधि लक्ष्य सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समिति के व्यवस्थापक शिवमंगल सिंह राठौड़ ने घोषणा की कि समिति द्वारा इस मानसून सत्र में 1000 पौधे लगाए जाएंगे, जो न केवल पर्यावरण की रक्षा करेंगे बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली का संदेश भी देंगे।
कार्यक्रम में समिति के कार्यकारिणी सदस्य विक्रम सिंह, घेवरराम लोहार, ढगलाराम सीरवी, डूंगाराम मेवाड़ा, जवानाराम चौहान, भंवरलाल सीरवी, ललिता सीरवी सहित ग्रामवासी एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समिति के सहायक व्यवस्थापक दलपत सिंह ने भी आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई और ग्रामीणों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की।
इस वृक्षारोपण कार्यक्रम ने ग्रामवासियों में पर्यावरण के प्रति चेतना जगाई है और यह पहल आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के लिए एक प्रेरणा बनेगी।















