काष्ठ कला में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर गंगाला के हितेश सुथार सम्मानित, उपखंड स्तर पर मिला विशेष सम्मान

Rakesh Lakhara
काष्ठ कला में उत्कृष्ट प्रदर्शनी पर हितेश सुथार सम्मानित
गंगाला निवासी कलाकार को उपखंड स्तर पर मिला गौरव
रिपोर्ट: राकेश कुमार लखारा | बाड़मेर
बाड़मेर। रामसर तहसील के गंगाला गांव निवासी हितेश कुमार सुथार को काष्ठ कला में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उपखंड स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें स्थानीय विद्यालय में आयोजित स्वनिर्मित काष्ठ कला प्रदर्शनी के सफल आयोजन एवं बेहतरीन कलाकृतियों के लिए प्रदान किया गया।
यह सम्मान 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रामसर स्थित हाई स्कूल मैदान में आयोजित उपखंड स्तरीय समारोह के दौरान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी रामलाल मीणा, तहसीलदार तनसिंह, थानाधिकारी पदमाराम तथा BDO विक्रम सिंह ने संयुक्त रूप से हितेश सुथार को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

हितेश सुथार द्वारा स्वयं निर्मित काष्ठ कला की आकर्षक वस्तुएं प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण रहीं। उनकी कलाकारी, बारीक नक्काशी और सृजनात्मकता ने सभी अतिथियों को प्रभावित किया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह की कला ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देती है।
विशेष उपलब्धि
हितेश सुथार अपनी उत्कृष्ट काष्ठ कला के लिए पहले भी चर्चा में रह चुके हैं। वे अपने हाथों से बनाई गई लकड़ी की नेम प्लेट बाड़मेर की कलेक्टर टीना डाबी को उनके नाम के साथ भेंट कर चुके हैं, जिसकी सराहना जिला स्तर पर हुई थी।
हितेश सुथार की इस उपलब्धि से पूरे गंगाला गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे गांव और क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहन मिलना चाहिए।











