वृंदावन से पहुंची भगवान सालिग्राम जी की बारात, घाणेराव में हुआ भव्य स्वागत
घाणेराव (पाली): घाणेराव कस्बा रविवार को भक्ति और उल्लास से सराबोर हो उठा, जब वृंदावन से भगवान सालिग्राम जी की बारात भव्य शोभा यात्रा के रूप में नगर पहुंची। भगवान सालिग्राम जी को दूल्हे के रूप में पालकी में विराजमान कर पूरे नगर में श्रद्धा और उल्लास के साथ यात्रा निकाली गई।
यह आयोजन झालीवाव चौक स्थित ब्राह्मणी बाण माता के उपासक कालूराम जी सेन एवं आवरा माताजी के उपासक रामलाल जी सुथार के सानिध्य में तुलसी विवाह समारोह के अंतर्गत किया गया। इस शुभ अवसर पर वृंदावन के महंत नवलकिशोर दास महाराज के साथ अरमा नंददास जी, कृष्णदास जी, उधमचरणदास जी और अनधिचरणदास जी भी उपस्थित रहे।
नगरवासियों ने बिछाए पलक पांवड़े
जैसे ही भगवान सालिग्राम जी की पालकी झालीवाव चौक पहुंची, पूरा क्षेत्र “जय सालिग्राम जी” और “जय तुलसी माता” के जयघोषों से गूंज उठा। भक्तों ने भगवान के स्वागत में पलक पांवड़े बिछा दिए, और मंगल वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनि पर महिलाएं व पुरुष भक्तजन भावविभोर होकर नृत्य करने लगे।

यह धार्मिक शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई श्रीमाली ब्राह्मण समाज की धर्मशाला पहुंची, जहां विधि-विधान से भगवान सालिग्राम जी का मंगल प्रवेश करवाया गया।
भव्य बंदोली ने बांधा समां
इससे पूर्व, शनिवार रात्रि को तुलसी माता को दुल्हन के वेश में सजाकर रथ यात्रा (बंदोली) निकाली गई। भव्य बंदोली में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। वाद्ययंत्रों की मंगलध्वनियों और जयघोषों के बीच नगर की गलियां भक्ति में डूबी रहीं। मुख्य मार्गों से गुजरती बंदोली में श्रद्धालुओं का अपार उत्साह देखने को मिला।
आज होगा पावन तुलसी विवाह
आयोजन के अंतर्गत आज सायंकाल शुभ मुहूर्त में तुलसी विवाह संपन्न होगा। तैयारियों को लेकर भक्तों में खास जोश और श्रद्धा का माहौल है। आयोजक मंडल ने बताया कि विवाह स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और भक्ति संगीत की गूंज से पूरा वातावरण धार्मिक रंग में रंग गया है।
यह आयोजन घाणेराव कस्बे की धार्मिक परंपरा, श्रद्धा और भक्ति भावना का जीवंत उदाहरण बना हुआ है।
आयोजन में प्रमुख सहयोग:
कालूराम जी सेन, रामलाल जी सुथार, वृंदावन के महंत नवलकिशोर दास महाराज एवं स्थानीय भक्तजन।












