
पीपलखूट (घाटोल)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार सोमवार को घाटोल विधानसभा क्षेत्र के पीपलखूट ब्लॉक मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस सिलेंडरों की किल्लत और बढ़ती कीमतों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री Narendra Modi का पुतला फूंककर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

कार्यक्रम के दौरान घाटोल विधानसभा प्रभारी Rakesh Rekhraj Mewada ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश की सत्ता ऐसे लोगों के हाथों में दे दी गई है, जो बार-बार जनता को लाइनों में खड़ा करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता महंगाई और जरूरी वस्तुओं की कमी से परेशान है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान देने के बजाय केवल बयानबाजी में लगी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में मोदी सरकार के कुछ मंत्रियों का नाम एपस्टीन फाइल में आने, अडाणी से जुड़े मामलों तथा अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठ रहे हैं। इन मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए सरकार युद्ध और अंतरराष्ट्रीय तनाव की आड़ ले रही है, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर होती जा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण देश और प्रदेश में एलपीजी गैस की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई लगभग ठप हो चुकी है और घरेलू सिलेंडर भी आम लोगों को आसानी से उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इसके साथ ही गैस सिलेंडरों की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम आदमी की रसोई पर सीधा असर पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पहले नोटबंदी और कोरोना महामारी के दौरान भी देश की जनता को लंबी-लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ा था, और अब गैस सिलेंडरों की किल्लत ने फिर से वही हालात पैदा कर दिए हैं। CNG पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं और रसोई गैस के लिए माताएं-बहनें तथा बुजुर्ग घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। इस स्थिति का फायदा उठाकर कई जगह जमाखोरी और कालाबाजारी भी बढ़ गई है, लेकिन सरकार इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि शादी-विवाह के इस मौसम में गैस की भारी किल्लत के कारण होटल और कैटरिंग व्यवसायियों ने अपने रेट बढ़ा दिए हैं, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। वहीं घर से दूर रहकर पढ़ाई करने वाले कोचिंग छात्र भी काफी परेशान हैं, क्योंकि गैस की कमी के कारण मैस, होटल और कैफे बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।
नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आने वाले एक-दो दिनों में गैस की आपूर्ति की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की तथाकथित डबल इंजन सरकार को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है, जबकि देश की जनता परेशान होकर लाइनों में खड़ी है।

इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष देवीलाल निनामा, पूर्व प्रधान अर्जुनलाल निनामा, जिला उपाध्यक्ष योगपाल सिंह देलवाड़ा, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि देवीलाल निनामा, जिला परिषद सदस्य गौतमलाल राणा, सरपंच चेतन पुरी, गोपाल राठौड़, दिनेश निनामा, कालूराम निनामा, नारायणलाल निनामा, जीवनलाल निनामा, बसंतलाल निनामा, आलूराम पसार, मणीलाल सरकोटा, रणछोड़जी महाराज, रकमचंद सरकोटा, प्रकाश रेणदा, देवीप्रसाद, सरपंच संघ अध्यक्ष नानालाल, युवा अध्यक्ष, एसटी ब्लॉक अध्यक्ष देवीलाल खोपड़ा, वक्तूराम खोपड़ा, प्रदीप जान, ओबीसी ब्लॉक अध्यक्ष बर्दीलाल टेलर, मगनलाल पाडोर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।













