टुण्डी में अवैध संबंध के शक में युवक का अपहरण, हत्या का प्रयास; पुलिस ने सकुशल किया बरामद
- लूनिया टाइम्स न्यूज। दीपक पाण्डेय टुण्डी।
टुण्डी। मनियांडीह थाना क्षेत्र के डंडाटांड़ गांव में मंगलवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां अवैध संबंध के शक में एक युवक का अपहरण कर उसकी हत्या का प्रयास किया गया। हालांकि पुलिस की तत्परता से युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया, जिससे एक बड़ी वारदात टल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिणा गांव निवासी 33 वर्षीय बैजनाथ कुमार महतो को उसके परिचित टिंकू साव ने फोन कर अपने घर बुलाया और आठ नंबर के स्पोर्ट्स शू लेकर आने को कहा। रात करीब 9:30 बजे बैजनाथ जैसे ही वहां पहुंचा, उसे खाना खाने के लिए कहा गया। इसी दौरान टिंकू ने गांव के कुछ लोगों को बुला लिया और बैजनाथ को कमरे में बंद कर मारपीट शुरू कर दी।
आरोप था कि बैजनाथ का टिंकू की पत्नी से अवैध संबंध है। मारपीट के बीच बैजनाथ ने किसी तरह अपनी पत्नी को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उसकी पत्नी ने तुरंत मनियांडीह थाना पुलिस को अवगत कराया।
पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी बैजनाथ को रस्सी से बांधकर गिरिडीह के पीरटांड़ स्थित बोडा पहाड़ी ले गए, जहां उसकी दोबारा पिटाई की जा रही थी। सूचना पर मनियांडीह थाना के साथ बरवाअड्डा, राजगंज और टुण्डी थाना की संयुक्त टीम ने रात में सर्च ऑपरेशन चलाया।
पुलिस के आने की भनक लगते ही आरोपी बैजनाथ को एक स्कूल के पास छोड़कर फरार हो गए। तलाशी के दौरान पुलिस ने युवक को रस्सी से बंधी हालत में बरामद कर लिया।
मौके से केदार साव और मुकेश साव को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।













