नौ दिवसीय नवकुण्डात्मक श्री हरिहर महायज्ञ का भव्य समापन कल , मूर्ति अनावरण व विशाल भंडारे की तैयारियां पूर्ण

भीलवाड़ा के मालोला रोड स्थित श्री पांडु का नाला वाले सगस जी दरबार परिसर में चल रहे नौ दिवसीय नवकुण्डात्मक श्री हरिहर महायज्ञ का कल भव्य एवं धार्मिक आस्था के साथ समापन होगा। इस अवसर को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है।
आयोजन समिति के सुरेश शर्मा, रोशन मेघवंशी के अनुसार महायज्ञ के अंतिम दिवस पर पूर्ण वैदिक विधि-विधान के साथ पूर्णाहुति संपन्न कराई जाएगी। इसके साथ ही कलश स्थापना, मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
समापन अवसर का मुख्य आकर्षण घोड़े पर विराजमान सगस जी महाराज की भव्य मूर्ति का अनावरण रहेगा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।


नौ दिवसीय इस महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार, हवन, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। अंतिम दिन भी सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी रहेगा।
भंडारे की व्यापक तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। आयोजन समिति के अनुसार समापन अवसर पर लगभग 30 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई है, जिसमें सभी भक्तों के लिए प्रसादी की व्यवस्था रहेगी।
महायज्ञ को सफल बनाने में आयोजन समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा। समापन को लेकर अंतिम तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना हुआ है।














