भीलवाड़ा में बदमाश ने पुलिस पर की फायरिंग, 9 फीट ऊंची पुलिया से कूदकर भागने की कोशिश, घायल हालत में गिरफ्तार

भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस से बचने के लिए आरोपी करीब 9 फीट ऊंची पुलिया से नीचे कूद गया। कूदने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और अस्पताल में भर्ती करवाया।
पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने बताया कि देर रात करीब 1 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिलिया कला निवासी कम्मू उर्फ कमलेश गुर्जर (29) पुत्र भंवरलाल गुर्जर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में रिवॉल्वर लेकर रीको क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही हमीरगढ़ थाना प्रभारी सुनील बेड़ा जाब्ते के साथ मौके के लिए रवाना हुए।

पुलिस टीम जब रीको क्षेत्र स्थित बनास नदी की छोटी पुलिया के पास पहुंची तो आरोपी बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी देखकर आरोपी घबरा गया और बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। इस दौरान पुलिस ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने भागने के लिए अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आरोपी की इस हरकत से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर बदमाश का पीछा शुरू किया। खुद को चारों ओर से घिरा देख आरोपी पुलिया से नीचे कूद गया। करीब 9 फीट नीचे गिरने से उसके चोटें आईं और वह घायल हो गया। पुलिस जवानों ने नीचे उतरकर उसे पकड़ लिया।
घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार भी बरामद किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।














